11/07/2026

मराठी सिनेमा में डेब्यू करेंगे अक्षय कुमार, शिवाजी की भूमिका में दिखेंगे

बॉलीवुड में हॉरर से लेकर कॉमेडी और एक्शन से भरपूर फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद अब अक्षय कुमार (Akshay Kumar) एक और नई पारी खेलने की तैयारी कर रहे हैं। हिंदी के बाद अब अक्षय कुमार ने मराठी फिल्मों का रुख कर लिया है। बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अभिनेता और निर्देशक महेश मांजरेकर की ऐतिहासिक फिल्म ‘वेडात मराठे वीर दौडले सात’ (Vedant Marathe Veer Daudale Saat) के साथ मराठी फिल्मों में डेब्यू करने जा रहे हैं। बड़े परदे पर सम्राट पृथ्वीराज (Samrat Prithviraj) का किरदार निभाने के बाद अब अक्षय कुमार इस मराठी फिल्म में पहली बार ‘छत्रपति शिवाजी महाराज’ की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे।

महेश मंाजरेकर करेंगे निर्देशन

हाल ही में फिल्म से जुड़ा एक खास इवेंट हुआ और इस मौके पर सलमान खान (Salman Khan) भी अपनी मौजूदगी से चार चांद लगाते हुए नजर आए। हाल ही में सेलिब्रटी फोटोग्राफर मानव मंगलानी ने अपने इंस्टाग्राम पर लॉन्च की वीडियो शेयर की। इस वीडियो में अक्षय कुमार के साथ-साथ महेश मांजरेकर के करीबी दोस्त सलमान खान भी खास मेहमान बनकर पहुंचे। अक्षय कुमार ने अपनी पहली मराठी फिल्म पर बात करते हुए इसे एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए यह एक सपने के साकार होने जैसा है। मुझे लगता है बिग स्क्रीन पर छत्रपति शिवाजी महराज के किरदार को दर्शाना और निभाना खुद में ही एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। जब मुझे राज ठाकरे ने ये किरदार निभाने के लिए कहा था, तो मैं पीछे हट गया था’। आपको बता दें कि अक्षय कुमार से पहले रितेश देशमुख और सलमान खान जैसे सितारे मराठी सिनेमा में काम कर चुके हैं और उन्हें दर्शकों का काफी प्यार भी मिला है।

सात मराठा वीरों की कहानी को दर्शाती है ‘वेडात मराठे वीर दौडले सात’

अक्षय कुमार स्टारर ये फिल्म एक ऐतिहासिक गाथा है, जिसमें साथ मराठा वीरों की कहानी को पर्दे पर उतारा जाएगा, जिनमें से एक छत्रपति शिवाजी महाराज हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि अक्षय का किरदार फिल्म में काफी बड़ा नहीं है, लेकिन बहुत ही पावरफुल है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ‘वीर दौडाले सात’ के मेकर्स इस फिल्म को अगले साल 2023 में दिवाली के मौके पर रिलीज करने का मन बना रहे हैं। अक्षय कुमार के अलावा इस फिल्म में बिग बॉस मराठी के विनर विशाल निकम और स्प्लिट्सविला विनर जय दुधाने भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole