29/04/2024

जन्मदिन विशेषांक: ‘डिस्को डांसर’ मिथुन चक्रवर्ती

1 min read

मिथुन चक्रवर्ती / Mithun Chakraborty (वास्तविक नाम: गौरांग चक्रवर्ती) को बॉलीवुड का डिस्को डांसर माना जाता है। 16 जून, 1950 को जन्मे मिथुन 3 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त कर चुके एक किवदंती अभिनेता, सामाजिक कार्यकर्ता, सफल उद्यमी और राज्यसभा के सदस्य भी रहे हैं। मिथुन बॉलीवुड की उन शख्सियतों में शुमार हैं, जिनका न कोई फिल्मी बैकग्राउंड रहा और न ही इंडस्ट्री में कोई गॉडफादर, लेकिन फिर भी उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मेहनत से एक अलग पहचान बनाई है। मिथुन ने अपने अभिनय की शुरुआत ‘मृगया’ (1976) से की, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए पहला राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार प्राप्त हुआ। 1980 के दशक के अपने सुनहरे दौर में एक डांसिंग स्टार के रूप में उनके बहुत सारे प्रशंसक बने और खुद को उन्होंने भारत के सबसे लोकप्रिय प्रमुख अभिनेता के रूप में स्थापित किया। 1982 में बहुत बड़ी हिट फिल्म ‘डिस्को डांसर’ में स्ट्रीट डांसर जिमी की भूमिका ने उन्हें देश में नहीं दुनियाभर में लोकप्रिय बनाया। मिथुन 1980 के दशक में मेगास्टार अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) से भी ज्यादा लोकप्रिय कलाकार थे। अब तक मिथुन 350 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं और अब भी बॉलीवुड में सक्रिय हैं।

मिथुन चक्रवर्ती के बारे में 25 रोचक तथ्य

  1. 16 जून, 1950 को बरिसाल, पूर्वी बंगाल, पाकिस्तान (अब बांग्लादेश में) जन्मे मिथुन ने कैमिस्ट्री में ग्रैजुएट किया है।
  2. मिथुन ने पहले कोलकाता में अपने पढ़ाई पूरी की। उसके बाद उन्होंने पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया (FTII) से एक्टिंग की पढ़ाई की।
  3. फिल्मों की दुनिया में कदम रखने से पहले मिथुन की दोस्ती नक्सली नेता रवि रंजन से हो गई थी, जो उस वक्त अपने भाषणों के चलते चर्चित थे। मिथुन अपने भाई के साथ उनके गिरोह में शामिल हो गए थे और कट्टर नक्सली बन गए थे लेकिन नक्सल आंदोलन के दौरान ही एक हादसे में उनके भाई की करंट लगने से मौत हो गई थी। इस एक हादसे ने मिथुन को दोबारा अपने परिवार के पास आने के लिए मजबूर कर दिया था और फिर वो एक्टिंग की दुनिया में चले आए।
  4. जब मिथुन मुंबई आये थे, तब उनके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं था और तब वे इमारतों की छतों पर बनी पानी की टंकियों पर सो जाते थे ताकि सिक्योरिटी गार्ड वहाँ से बाहर न निकाल दें।
  5. कैरियर की शुरुआत में सांवले रंग के वजह से इन्हें कई बार रिजेक्ट किया गया। तभी इन्होंने ये सोच लिया कि ये अपने डांस के बलबूते सबको अपना हुनर दिखायेंगे जिसके कारण लोग रंग की जगह इनके डांस पर ध्यान दें।
  6. मिथुन चक्रवर्ती डासिंग क्वीन ‘हेलन’ के असिस्टेंट हुआ करते थे और यहीं से उन्हें फिल्मों में ब्रेक मिला था। बतौर असिस्टेंट काम करते हुए उन्हें अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘दो अनजाने’ में कुछ मिनटों का रोल करने का ऑफर मिला।
  7. मिथुन ने फिल्मी करियर की शुरुआत 1976 में आई फिल्म ‘मृगया’ से की। इस फिल्म में दमदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
  8. 1982 में आई फिल्म “डिस्को डांसर” से मिथुन चक्रवर्ती को स्टारडम मिला। वे भारत में बहुत लोकप्रिय हो गए। इस फिल्म के बाद वे एक डांसिंग स्टार के रूप में इंडस्ट्री में स्थापित हो गए।
  9. इसके बाद उन्होंने ‘कसम पैदा करने वाले की’, डिस्को-डिस्को (1982), कमांडो (1988), प्यार झुकता नहीं (1985), ग़ुलामी (1985), मुझे इंसाफ़ चाहिए (1983), घर एक मंदिर (1984), स्वर्ग से सुंदर (1986) और प्यार का मंदिर (1988) फिल्मों में बेहतरीन अदाकारी का नमूना पेश किया जिससे वो एक टॉप स्टार बन गए।
  10. मिथुन की फिल्में ही बॉक्स ऑफिस पर एक दूसरे को टक्कर देने लगी थीं। साल 1989 में मिथुन की एक साथ 19 फिल्में रिलीज हुई थीं जिनमें इलाका, मुजरिम, प्रेम प्रतिज्ञा, लड़ाई, गुरु और बीस साल बाद जैसी फिल्में शामिल हैं।
  11. मिथुन एक सफल अभिनेता थे इसलिए उनका नाम को-स्टार रंजीता, योगिता बाली, सारिका और अन्य के साथ जुड़ा, लेकिन श्रीदेवी के साथ उनके अफेयर की चर्चा सबसे ज्यादा रही। 1984 में आई फिल्म ‘जाग उठा इंसान’ में मिथुन-श्रीदेवी ने पहली बार स्क्रीन शेयर की थी।
  12. मिथुन चक्रवर्ती ने एक इंटरव्यू में खुद कबूल किया था कि उन्होंने श्रीदेवी से गुपचुप शादी की थी। मिथुन-श्रीदेवी की गुपचुप शादी केवल 3 साल टिकी थी। 1988 में दोनों अलग हो गए थे। दरअसल, जब मिथुन की पत्नी योगिता बाली को इस शादी की खबर लगी तो रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने सुसाइड तक करने की कोशिश कर डाली थी जिसके चलते मिथुन को पीछे हटना पड़ा और श्रीदेवी को छोड़कर अपनी पत्नी और बच्चों के पास वापस लौटना पड़ा था।
  13. मिथुन का सबसे मुश्किल वक्त 1993 से लेकर 1998 के बीच का था। जब उनकी फिल्में लगातार फ्लॉप हो रही थीं। इस दौरान उनकी एक साथ 33 फिल्में फ्लॉप हुईं थी। इसके बावजूद उनका स्टारडम इस कदर डायरेक्टर्स पर छाया था कि उन्होंने तब भी 12 फिल्में साइन की थीं।
  14. पहली फिल्म ‘मृगया’ के अलावा मिथुन को 1992 की फिल्म ‘तहादेर कथा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया था। तीसरी बार मिथुन को 1995 की फिल्म ‘स्वामी विवेकानंद’ के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था।
  15. मिथुन चक्रवर्ती एक प्रोफेशनल रेसलर (पहलवान) थे। उन्होंने वेस्ट बंगाल स्टेट रेसलिंग भी जीता है। इसके अलावा मिथुन ने मार्शल आर्ट की एक्सपर्ट ट्रेनिंग भी ली है और वे ब्लैक बेल्ट भी हैं।
  16. मिथुन चक्रवर्ती एक सफल बिजनसमैन भी हैं। वह ऊटी स्थित मिथुन ग्रुप ऑफ होटेल्स के मालिक भी हैं। इसके अलावा मसीनागुड़ी, कोलकाता, दार्जलिंग और मैसूर में भी उनके कई होटेल हैं।
  17. मिथुन ने हिंदी, बंगाली, उड़िया, पंजाबी और भोजपुरी भाषाओं में तकबरीन 350 फिल्मों में काम किया और यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
  18. मिथुन को जानवरों से बेहद लगाव है। उन्होंने अपने घर में 38 कुत्ते और कई पक्षी पाल रखे हैं।
  19. मिथुन चक्रवर्ती के 3 बेटे हैं जिनके नाम हैं- महाअक्षय चक्रवर्ती, उश्मेय चक्रवर्ती और नमाशी चक्रवर्ती।
  20. 3 बेटों के अलावा मिथुन चक्रवर्ती ने एक बेटी दिशानी को गोद लिया था। दरअसल मिथुन को दिशानी एक कचरे के ढेर में पड़ी हुई मिली थी। उस बच्ची को एनजीओ ने बचाया और अपने पास सुरक्षित रखा। वह उस वक्त नाजुक हालत में थी। जैसे ही मिथुन को इस बारे में पता चला, वह तुरंत उससे मिलने पहुंचे और तब उन्होंने उस बच्ची को गोद ले लिया था।
  21. सर्वप्रथम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें राज्यसभा में सदस्य के रूप में नामित किया। 26 दिसंबर 2016 को, उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया।
  22. मिथुन ने 2007 में आईसीएल (इंडियन क्रिकेट लीग) के लिए रॉयल बंगाल टाइगर्स (स्पोर्ट्स टीम) की स्थापना की।
  23. डांस इंडिया डांस और डांस बांग्ला डांस जैसे ज़ी टीवी के डांस शो में मिथुन लम्बे समय से ग्रैंड जज की भूमिका निभा रहे हैं। यह उनकी ही परिकल्पना है। डांस पर रूचि रखने वालों के लिए यह एक सुनहर मौक़ा है।
  24. मिथुन चक्रवर्ती अपनी मातृभूमि बंगाल में फुटबॉल को बढ़ावा देने में भी लगे हुए हैं। बंगाल फुटबॉल अकादमी उन्हीं की दिमागी उपज है और उन्होंने ही इस अकादमी की स्थापना के लिए ज़रूरी रकम जुटाई।
  25. मिथुन चक्रवर्ती के पंसदीदा कलाकारों में अमिताभ बच्चन, सुचित्रा सेन और नरगिस हैं।
संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in