29/04/2024

जन्मदिन विशेषांक: बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार ‘राजेश खन्ना’

1 min read

राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) वास्तविक नाम: जतिन खन्ना (जन्म तिथि: 29 दिसंबर, 1942 – मृत्यु तिथि: 18 जुलाई, 2012) को बॉलीवुड का पहला सुपरस्टार माना जाता है। राजेश खन्ना ने कुल 180 फ़िल्मों और 163 फीचर फ़िल्मों में काम किया, 128 फ़िल्मों में मुख्य भूमिका निभायी, जिसमें से 22 फ़िल्मों में दोहरी भूमिका के अतिरिक्त 17 छोटी फ़िल्मों में भी काम किया। राजेश खन्ना 3 साल 1969-71 के दौरान 15 सोलो हिट फ़िल्म देने वाले पहले अभिनेता हैं। राजेश खन्ना को सर्वश्रेष्ठ अभिनय के लिये तीन बार फिल्मफेयर पुरस्कार मिला और 14 बार नोमिनेट किया गया। 1966 में उन्होंने आख़िरी खत (Akhiri Khat) नामक फ़िल्म से अपने अभिनय की शुरुआत की। राजेश खन्ना का सितारा निर्माता-निर्देशक शक्ति सामंत की क्लासिकल फिल्म ‘अराधना’ से चमका। बेहतरीन गीत-संगीत और अभिनय से सजी इस फिल्म की गोल्डन जुबली कामयाबी ने राजेश खन्ना को स्टार के रूप में स्थापित कर दिया।

राजेश खन्ना के बारे में 25 रोचक तथ्य

  1. फिल्म इंडस्ट्री में राजेश खन्ना को प्यार से काका कहा जाता था। जब वे सुपरस्टार थे तब एक कहावत बड़ी मशहूर थी- ऊपर आका और नीचे काका।
  2. सदाबहार जीतेन्द्र और राजेश खन्ना स्कूल में साथ पढ़ चुके हैं।
  3. राजेश खन्ना और उनकी बेटी ट्विंकल खन्ना का एक ही दिन जन्मदिन आता है, 29 दिसंबर।
  4. ‘जय शिव शंकर’ फिल्म में काम मांगने के लिए राजेश खन्ना के ऑफिस में अक्षय कुमार (Akshay Kumar) गए थे। घंटों उन्हें बिठाए रखा और बाद में काका उनसे नहीं मिले। उस दिन कोई सोच भी नहीं सकता था कि यही अक्षय कुमार एक दिन काका के दामाद बनेंगे।
  5. जिस तरह से आज टीवी के जरिये टैलेंट हंट किया जाता है, कुछ इसी तरह काम 1965 यूनाइटेड प्रोड्यूसर्स और फिल्मफेअर ने किया था। वे नया हीरो खोज रहे थे। फाइनल में दस हजार में से आठ लड़के चुने गए थे, जिनमें एक राजेश खन्ना भी थे। अंत में राजेश खन्ना विजेता घोषित किए गए।
  6. राजेश खन्ना स्ट्रगलर होने के बावजूद इतनी महंगी कार में निर्माताओं के यहाँ जाते थे कि उस दौर के हीरो के पास भी वैसी कार नहीं थी।
  7. 70 के दशक में राजेश खन्ना लोकप्रियता के शिखर पर थे। उनके अभिनय के कायल सभी थे लेकिन खासतौर पर टीनएज लड़कियों के बीच उनका क्रेज कुछ ज्यादा ही दिखाई दिया। एक बार का वाकया है जब राजेश खन्ना बीमार पड़े तो दिल्ली के कॉलेज की कुछ लड़कियों ने उनके पोस्टर पर बर्फ की थैली रखकर उनकी सिकाई शुरू कर दी ताकि उनका बुखार जल्द उतर जाए। इतना ही नहीं लड़कियां उनकी इस कदर दीवानी थीं कि उन्हें अपने खून से लव लेटर लिखा करती थीं और उससे ही अपनी मांग भर लिया करती थीं।
  8. स्टूडियो या किसी निर्माता के दफ्तर के बाहर राजेश खन्ना की सफेद रंग की कार रुकती थी तो लड़कियां उस कार को ही चूम लेती थी। ऐसा कहा जाता है कि लिपिस्टिक के निशान से सफेद रंग की कार गुलाबी हो जाया करती थी।
  9. वर्ष 1969 से 1975 के बीच राजेश खन्ना ने कई सुपरहिट फिल्में दीं। उस दौर में पैदा हुए ज्यादातर लड़कों के नाम राजेश रखे गए।
  10. निर्माता-निर्देशक राजेश खन्ना के घर के बाहर लाइन लगाए खड़े रहते थे। वे मुंहमांगे दाम चुकाकर उन्हें साइन करना चाहते थे। पाइल्स के ऑपरेशन के लिए एक बार राजेश खन्ना को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। अस्पताल में उनके इर्दगिर्द के कमरे निर्माताओं ने बुक करा लिए ताकि मौका मिलते ही वे राजेश खन्ना को अपनी फिल्मों की कहानी सुना सके।
  11. राजेश खन्ना द्वारा पहने गए गुरु कुर्त्ते खूब प्रसिद्ध हुए और कई लोगों ने उनके जैसे कुर्त्ते पहने।
  12. राजेश खन्ना को रोमांटिक हीरो के रूप में बेहद पसंद किया गया। उनकी आंख झपकाने और गर्दन टेढ़ी करने की अदा के लोग दीवाने हो गए।
  13. राजेश खन्ना की आराधना, सच्चा झूठा, कटी पतंग, हाथी मेरे साथी, मेहबूब की मेहंदी, आनंद, आन मिलो सजना, आपकी कसम जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफ़िस पर कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए।
  14. राजेश खन्ना की सफलता के पीछे संगीतकार आरडी बर्मन (Rahul Dev Berman) और गायक किशोर कुमार (Kishore Kumar) का अहम योगदान रहा। इनके बनाए और राजेश पर फिल्माए अधिकांश गीत हिट साबित हुए और आज भी सुने जाते हैं। किशोर कुमार ने 91 फिल्मों में राजेश को आवाज दी तो आरडी बर्मन ने उनकी 40 फिल्मों में संगीत दिया।
  15. मुमताज (Mumtaz) और शर्मिला टैगोर (Sharmila Taigore) के साथ राजेश खन्ना की जोड़ी को काफी पसंद किया गया। मुमताज के साथ उन्होंने 8 सुपरहिट फिल्में दी। शर्मिला और मुमताज, जो कि राजेश की लोकप्रियता की गवाह रही हैं, का कहना है कि लड़कियों के बीच राजेश जैसी लोकप्रियता बाद में उन्होंने कभी नहीं देखी।
  16. गुरुदत्त (Gurudutt), मीना कुमारी (Meena Kumari) और गीता बाली (Geeta Bali) को राजेश खन्ना अपना आदर्श मानते थे।
  17. जंजीर और शोले जैसी एक्शन फिल्मों की सफलता और अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के उदय ने राजेश खन्ना की लहर को थाम लिया। लोग एक्शन फिल्में पसंद करने लगे और 1975 के बाद राजेश खन्ना की कई रोमांटिक फिल्में असफल रही।
  18. राजेश खन्ना ने उस समय कई महत्वपूर्ण फिल्में ठुकरा दी, जो बाद में अमिताभ बच्चन को मिली। यही फिल्में अमिताभ के सुपरस्टार बनने की सीढ़ियां साबित हुईं।
  19. अमिताभ बच्चन और राजेश खन्ना को प्रतिद्वंद्वी माना जाता था। दोनों ने आनंद और नमक हराम नामक फिल्मों में साथ काम किया है। इन दोनों फिल्मों में राजेश के रोल अमिताभ के मुकाबले सशक्त हैं।
  20. राजेश खन्ना ने अचानक डिम्पल कपाड़िया (Dimple Kapadia) से शादी कर करोड़ों लड़कियों के दिल तोड़ दिए। समुंदर किनारे चांदनी रात में डिम्पल और राजेश साथ घूम रहे थे। अचानक उस दौर के सुपरस्टार राजेश ने कमसिन डिम्पल के आगे शादी का प्रस्ताव रख दिया जिसे डिम्पल ठुकरा नहीं पाईं। शादी के वक्त डिम्पल की उम्र राजेश से लगभग आधी थी। राजेश-डिम्पल की शादी की एक छोटी-सी फिल्म उस समय देश भर के थिएटर्स में फिल्म शुरू होने के पहले दिखाई गई थी।
  21. डिम्पल और राजेश की दो बेटी हैं ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना। दोनों ने फ़िल्मों में काम किया लेकिन सफल नहीं हो पायीं।  डिम्पल कपाड़िया और ‍राजेश खन्ना शादी के 9 साल बाद ही अलग अलग रहने लगे थे।
  22. राजीव गांधी के कहने पर राजेश राजनीति में आए। कांग्रेस (ई) की तरफ से कुछ चुनाव भी उन्होंने लड़े। जीते भी और हारे भी। लालकृष्ण आडवाणी को उन्होंने चुनाव में कड़ी टक्कर दी और शत्रुघ्न सिन्हा को हराया भी।
  23. राजेश खन्ना ने श्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेअर पुरस्कार 3 बार जीता और 14 बार वे नॉमिनेट हुए।
  24. वर्तमान दौर के सुपरस्टार शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) का कहना है कि राजेश खन्ना ने अपने जमाने में जो लोकप्रियता हासिल की थी, उसे कोई नहीं छू सकता है।
  25. काका का कहना था कि वे अपनी जिंदगी से बेहद खुश थे। दोबारा मौका मिला तो वे फिर राजेश खन्ना बनना चाहेंगे और वही गलतियां दोहराएंगे।
संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in