29/04/2024

सलमान ख़ान की टॉप-10 फ़िल्में

1 min read

सलमान ख़ान की टॉप-10 फ़िल्में / Top 10 Films of Salman Khan

बॉलीवुड के दबंग ख़ान यानी सलमान ख़ान (Salman Khan) ने 1988 में फ़िल्म ‘बीवी हो तो ऐसी’ से शुरुआत की थी। पटकथा लेखक सलीम ख़ान (सलीम-जावेद) के सबसे बड़े पुत्र सलमान ख़ान को अपनी पहली बड़ी व्यावसायिक सफलता 1989 में रिलीज़ हुई ‘मैंने प्यार किया’ से मिली, जिसके लिए इन्हें फिल्मफ़ेयर सर्वश्रेष्ठ नवीन पुरुष अभिनेता पुरस्कार भी दिया गया। सलमान ख़ान बॉलीवुड के पहले ऐसे अभिनेता हैं जिनकी लगातार 15 फ़िल्मों ने इंडियन बॉक्स ऑफ़िस पर 100 करोड़ ₹ से अधिक कमाई की। सलमान ख़ान को अब तक 2 फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार (‘मैंने प्यार किया’ के लिए बेस्ट मेल डेब्यू और ‘कुछ कुछ होता है’ के लिए बेस्ट सपोर्टिग एक्टर) मिल चुके हैं। सलमान ख़ान की फिल्‍म ‘हम आपके हैं कौन’ ने सभी का दिल जीता तो वहीं फिल्‍म ‘तेरे नाम’ में उनके अभिनय की काफी प्रशंसा हुई और अपने अभिनय से उन्‍होंने सभी को भावुक कर दिया। इस फिल्‍म में सलमान को लेकर उनके फैंस की दीवानगी कुछ यूं थी कि उन्‍होंने सलमान की तरह ही अपने बालों की स्‍टाइल रख ली और वह हेयर स्‍टाइल ‘तेरे नाम’ नाम से मशहूर हो गई। इसके बाद उन्‍होंने कई फिल्‍मों में काम किया लेकिन पिछले कुछ वर्षों से उनके प्रशंसकों में इसलिए भी इजाफा हुआ क्‍योंकि उन्‍हें एक्‍शन फिल्‍मों में ज्‍यादा पसंद किया गया। फिल्‍म ‘वांटेड’ (2009) के बाद से उन्‍होंने लगातार हिट फिल्‍मों की झड़ी लगा दी। उनके फैंस की दीवानगी कुछ ऐसी है कि उनकी एक झलक पाने के लिए उनके प्रशंसक बेताब रहते हैं। कई बार तो ऐसा हुआ है कि सलमान को अपने फैंस से काफी दिक्‍कतों का भी सामना करना पड़ा है। टाइम्स सेलेब्स बॉलीवुड ऐक्‍टर्स इंडेक्‍स रेटिंग में सलमान ख़ान टॉप पर रहते हैं।  मैंने प्‍यार किया, पत्‍थर के फूल, साजन, अंदाज अपना अपना, हम आपके हैं कौन, करन अर्जुन, खामोशी, जुड़वा, प्‍यार किया तो डरना क्‍या, बंधन, बीवी नं 1, हम दिल दे चुके सनम, हम साथ साथ हैं, दुल्‍हन हम ले जाएंगें, तेरे नाम, गर्व, मुझसे शादी करोगी, नो एंट्री, क्‍योंकि, पार्टनर, युवराज, वांटेड, दबंग, बाडीगार्ड, एक था टाइगर, दबंग 2, कि‍क, बजरंगी भाईजान, टाइगर जिंदा है, रेस 3, जैसी फिल्‍मों से सलमान ख़ान फ़िल्म इंडस्‍ट्री के सुपरस्‍टार बने। दर्शक और समीक्षकों की पसंद के अनुसार हम यहाँ सलमान ख़ान की टॉप-10 फ़िल्मों के बारे में बता रहे हैं।

10. करन अर्जुन / Karan Arjun (1995)

शैली– एक्शन-ड्रामा निर्देशक– राकेश रोशन

मुख्य कलाकार- सलमान ख़ान, शाहरुख़ ख़ान, काजोल, ममता कुलकर्णी, राखी, अमरीश पुरी आदि

विशेष नोट- पुनर्जन्म पर आधारित यह ब्लॉकबस्टर फ़िल्म छोटे शहर एवं कस्बों में आज भी बहुत लोकप्रिय है। ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे’ के बाद यह 1995 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फ़िल्म थी। राजेश रोशन का संगीत एवं इंदीवर के गीत बहुत लोकप्रिय हुए। फ़िल्म में अभिनेत्री राखी का डायलॉग “मेरे करन अर्जुन आयेंगे” बहुत ज़्यादा फेमस हुआ जिसे बाद में अनेक फ़िल्मों, कॉमेडी सीरियल आदि में भुनाया गया। शाहरुख़ ख़ान और सलमान ख़ान ने इसके बाद कई फिल्में एक साथ कीं। लेकिन इन सभी फिल्मों में सबसे ज्यादा चर्चित फिल्म ‘करण-अर्जुन’ ही रही।

9. वांटेड / Wanted (2009)

शैली– एक्शन-थ्रिलर निर्देशक– प्रभु देवा

मुख्य कलाकार- सलमान ख़ान, आयशा टाकिया, विनोद खन्ना, गोविन्द नामदेव, प्रकाश राज, महेश मंजरेकर आदि

विशेष नोट- वांटेड, एक तेलुगु फिल्म पोक्किरि का रीमेक है, जो तमिल फिल्म देवा की रीमेक है। वांटेड ने सलमान ख़ान के कैरियर को नई दिशा देने में अहम योगदान दिया। इस फ़िल्म की सफलता सलमान के लिए नया स्टारडम लेकर आयी। इसी फ़िल्म में सलमान का मशहूर संवाद “एक बार जो मैंने कमिटमेंट करदी तो मैं अपने आप की भी नहीं सुनता” है जो बाद में सलमान की पहचान बन गया। वांटेड का एक्शन प्रमुख आकर्षण है। कई एक्शन/स्टंट बेहतरीन हैं, जिनमें सलमान की एंट्री वाला सीन, आयशा टाकिया को ट्रेन में छेड़ने वाले गुंडों की पिटाई वाले सीन और फिल्म का क्लाईमैक्स उल्लेखनीय हैं। कुल मिला कर कहा जाये तो यह फ़िल्म सलमान के फैन्स के लिए किसी तोहफे से कम नहीं।

8. सुल्तान / Sultan (2016)

शैली– एक्शन-स्पोर्ट्स ड्रामा निर्देशक– अली अब्बास ज़फ़र

मुख्य कलाकार- सलमान ख़ान, अनुष्का शर्मा, अमित साध, रणदीप हुड्डा, कुब्रा सैट आदि

विशेष नोट- सुल्तान कहानी है सुल्तान अली ख़ान की जो एक पहलवान है। सुल्तान एक स्थानीय कुश्ती चैंपियन है और उसका सपना ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना है। ‘सुल्तान’ एक क्लासिक अंडरडॉग की कहानी है जिसमें एक पहलवान तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वापसी करना चाहता है। जब उसके पास खोने को कुछ नहीं है और इस फाइट से ही उसे कुछ हासिल होगा तब वह अपने जीवन के लिए यह लड़ाई लड़ता है। फ़िल्म में सलमान एवं अनुष्का का अभिनय देखने लायक है जिसमें कई बेहतरीन इमोशनल दृश्य भी हैं। फ़िल्म का एक गीत ‘जग घूमेया’ बहुत ही कर्णप्रिय है जिसे राहत फ़तेह अली ख़ान ने गाया है। सुल्तान ने इंडियन बॉक्स ऑफ़िस पर 300 करोड़ ₹ से अधिक कमाई की थी।

7. तेरे नाम / Tere Naam (2003)

शैली– एक्शन-ड्रामा-रोमांस निर्देशक– सतीश कौशिक

मुख्य कलाकार- सलमान ख़ान, भूमिका चावला, सचिन खेडेकर, सविता प्रभुने, रवि किशन आदि

विशेष नोट- यह तमिल में बनी फिल्म सेतु (1999) का रीमेक है। हिमेश रेशमिया द्वारा रचित फ़िल्म का संगीत बहुत लोकप्रिय हुआ था जो उस वर्ष का सर्वाधिक बिकने वाला एल्बम बना। फ़िल्म में सलमान ख़ान के बालों का स्टाइल युवाओं में बहुत लोकप्रिय हुआ और काफ़ी दिनों तक प्रचलन में रहा। फ़िल्म ‘तेरे नाम’ को कुल 24 फ़िल्म पुरस्कारों के लिए नामांकित किया गया था, जिनमें से 7 पुरस्कारों को इसने जीता। सलमान ने फिल्म में बेहतरीन अभिनय किया है। उन्होंने एक गहन, अपरंपरागत भूमिका को जीवंत किया है। यकीन मानिए यह सलमान के करियर के सबसे बेहतर प्रदर्शनों में से एक है।

6. अंदाज़ अपना अपना / Andaz Apna Apna (1994)

शैली– कॉमेडी-रोमांस निर्देशक– राजकुमार संतोषी

मुख्य कलाकार- आमिर ख़ान, सलमान ख़ान, करिश्मा कपूर, रवीना टंडन, परेश रावल, शक्ति कपूर आदि

विशेष नोट- एक अमीर लड़की के पीछे दो पागल मजनू। उनके बीच की लड़ाई, कंफ्यूजन और ढेर सारा धमाल। इस फिल्म की हर बात गुदगुदाती है। ‘अंदाज़ अपना अपना’ जब फिल्म सिनेमाघरों रिलीज हुई थी, तब दर्शकों ने इसे नकार दिया था और फिल्म पिट गई थी। लेकिन टीवी पर इस फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉंस मिला। लोगों ने इसकी कॉमेडी को बहुत ही ज्यादा पसंद किया। फिल्म के संवाद आज भी बेहद पॉपुलर हैं। जैसे कि-

  • ‘मैं तो कहता हूँ कि आप पुरुष ही नहीं, महापुरूष हैं महापुरुष’।
  • ऑमलेट का राजा और ब्रेड का बादशाह…बजाज…हमारा बजाज।
  • क्राइम मास्टर गोगो नाम है मेरा। आंखें निकाल के गोटियां खेलता हूं गोटियां’

5. दबंग / Dabangg (2010)

शैली– एक्शन-कॉमेडी निर्देशक– अभिनव कश्यप

मुख्य कलाकार- सलमान ख़ान, सोनाक्षी सिन्हा, सोनू सूद, अरबाज़ ख़ान, विनोद खन्ना, डिम्पल कपाड़िया आदि

विशेष नोट- दबंग वो फिल्म है जिसने सलमान खान को चोटी का सितारा बना दिया। चुलबुल पांडे के किरदार में उनकी अदाओं को काफी पसंद किया गया। 2010 में दबंग की कामयाबी के बाद 2012 में दबंग 2 बनाई गई जिसको भी सलमान के फैंस ने बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर बनाया। “चुलबुल पांडे” के रोल में सलमान खान तो बहुत भाए, साजिद-वाजिद के संगीत को भी लोगों ने खूब सराहा और सभी के जुबान पर है “तेरे मस्त-मस्त दो नैन” जो उड़ा ले गये सबका चैन। फ़िल्म ने रिलीज़ के बाद कई रिकॉर्ड तोड़े और इसे कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया जिनमें सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म के लिए फ़िल्मफेयर और राष्ट्रिय फ़िल्म पुरस्कार भी शामिल है।

4. मैंने प्यार किया / Maine Pyar Kiya (1989)

शैली– रोमांस-फ़ैमिली ड्रामा निर्देशक– सूरज बड़जात्या

मुख्य कलाकार- सलमान ख़ान, भाग्यश्री, आलोक नाथ, राजीव वर्मा, रीमा लागू, अजीत वचानी आदि

विशेष नोट- सलमान ख़ान और भाग्यश्री की बेहतरीन फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ 1980 के दशक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म थी। इस फिल्म का साउंडट्रैक एल्बम भी 1980 के दशक का सर्वश्रेष्ठ बिकने वाला बॉलीवुड संगीत एल्बम था। 35वें फिल्मफेयर पुरस्कार में, फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म सहित 6 पुरस्कार जीते। सलमान ख़ान पहली बार प्रमुख भूमिका (पिछले वर्ष की ‘बीवी हो तो ऐसी’ में सहायक भूमिका) में थे और भाग्यश्री की यह पहली फिल्म थी। लोगों को आज भी यह फ़िल्म की पसंद है। न सिर्फ फिल्म बल्कि इसके गाने भी सुपरहिट हुए। ‘दिल दीवाना बिन सजना के’ को लोग आज भी बेस्ट रोमांटिक गानों में से एक मानते हैं। फ़िल्म के डायलॉग ‘लड़का लड़की कभी दोस्त नहीं हो सकते’ और ‘दोस्ती में नो सॉरी नो थैंक यू‘ बहुत प्रसिद्ध हुए।

3. हम आपके हैं कौन..! / Hum Apke Hain Kaun..! (1994)

शैली– रोमांस-कॉमेडी-म्यूजिकल निर्देशक– सूरज बड़जात्या

मुख्य कलाकार- सलमान ख़ान, माधुरी दीक्षित, मोहनीश बहल, रेणुका शहाणे, आलोक नाथ, अनुपम खेर, रीमा लागू, बिन्दू आदि

विशेष नोट- बॉलीवुड में अब तक कई आईकोनिक फिल्में बन चुकी हैं। ये फिल्में दर्शक जितनी बार देख लें लेकिन मन नहीं भरता है। इन्हीं में से एक नाम आता है कि फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ का। 5 अगस्त 1994 को रिलीज हुई ये एक ऐसी फिल्म है जिसके नाम कई रिकॉर्ड्स तो हैं ही साथ ही में ये सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फिल्म भी है। फिल्म में कुल 14 गाने थे और सभी ज़बरदस्त हिट हुए थे, लेकिन एक गाना जो सबसे ज़्यादा फेमस हुआ था वो था। ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ इस फ़िल्म की तक़रीबन 1 करोड़ यूनिट्स बिकी थीं। ‘हम आपके हैं कौन’ राजश्री प्रोडक्शंस की 1982 की फिल्म ‘नदिया के पार’ की मॉडर्न रीमेक थी। इस फिल्म ने कई अवॉर्ड्स जीते हैं, जिसमे बेस्ट पॉपुलर फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड भी शामिल है। इस फिल्म मे बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था। ‘हम आपके हैं कौन’ जब रिलीज़ हुई तो इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई थी कि सब लोग इसे देखना चाहते थे। इन्हीं सिने प्रेमियों में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा और उनकी पत्नी श्रीमती विमला शर्मा भी शामिल थीं। उनके लिए इस फिल्म की एक स्पेशल स्क्रीनिंग राष्ट्रपति भवन में भी रखवाई गई जहां उन्होंने फिल्म देखी और देखकर उसके निर्माता को बधाई दी।

2. हम दिल दे चुके सनम / Hum Dil De Chuke Sanam (1999)

शैली– रोमांस-ड्रामा-म्यूजिकल निर्देशक– संजय लीला भंसाली

मुख्य कलाकार- सलमान ख़ान, ऐश्वर्या राय, अजय देवगन, जोहरा सहगल, विक्रम गोखले, राजीव वर्मा, स्मिता जयकर आदि

विशेष नोट- साल 1999 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक ‘हम दिल दे चुके सनम’ को हिंदी सिनेमा की कुछ बेहतरीन फिल्मों में शामिल किया जाता है। संजय लीला भंसाली की इस फिल्म में सलमान ख़ान और ऐश्वर्या राय की जोड़ी ने दर्शकों के दिल में अपनी खास जगह बनाई थी। साथ ही फिल्म में अजय देवगन का किरदार भी लोगों को बेहद पसंद आया था। लव ट्रांयगल पर आधारित ये फिल्म ऐश्वर्या राय के करियर में भी बड़ी हिट फिल्म मानी जाती है। फिल्म को मैत्रेयी देवी के बंगाली उपन्यास ‘ना हन्यते’ के रूपांतरण के रूप में वर्णित किया गया है और यह एक प्रेम त्रिकोण पर आधारित है। इस फ़िल्म की विषयवस्तु राष्ट्रीय नाट्यकार झावरचंद मेघानी के नाटक “शेतल न काठे” पर आधारित है। हम दिल दे चुके सनम’ को 45वें फिल्मफेयर अवार्ड में 17 प्रमुख नामांकन मिले, 7 अवार्ड जीते जिसमें सर्वश्रेष्ठ फिल्म, संजय लीला भंसाली को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और ऐश्वर्या राय को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और उदित नारायण को सर्वश्रेष्ठ गायक का पुरस्कार शामिल है।

1. बजरंगी भाईजान / Bajrangi Bhaijaan (2015)

शैली– कॉमेडी-ड्रामा निर्देशक– कबीर ख़ान

मुख्य कलाकार– सलमान ख़ान, करीना कपूर, नवाज़ुद्दीन सिद्दिक़ी, हर्शाली मल्होत्रा, मेहर विज, ओम पुरी, शरत सक्सेना, दीप्ति नवल आदि

विशेष नोट- बजरंगी भाईजान सलमान ख़ान की ही नहीं, बॉलीवुड की सबसे अच्छी फ़िल्मों में से एक मानी जाती है। इसमें सलमान का चरित्र पवन चतुर्वेदी एक गूंगी-बहरी बच्ची को उसके देश ‘पाकिस्तान’ पहुंचाता है। 63वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार में इसे ‘सम्पूर्ण मनोरंजन करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फ़िल्म का पुरस्कार’ (National Film Award for Best Popular Film Providing Wholesome Entertainment) मिला था। 2016 में सर्वश्रेष्ठ कहानी का फिल्मफेयर अवार्ड भी दिया गया। साथ ही इसे 2015 में चीन के डबलन फिल्म अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म के लिए भी नामांकित किया गया था। 78 वर्षीय के.वी. विजयेंद्र प्रसाद ने इस फ़िल्म की कहानी लिखी है जो दक्षिण भारत के सुपरहिट निर्देशक एस.एस. राजमौली (बाहुबली के निर्देशक) के पिता हैं।

सलमान ख़ान की अन्य महत्वपूर्ण फ़िल्में

साजन, टाइगर ज़िन्दा है, चोरी चोरी चुपके चुपके, प्यार किया तो डरना क्या, जुडवा, मुझसे शादी करोगी, बीवी नं 1, बाग़बान, खामोशी, किक, रेडी, हम साथ साथ हैं, पार्टनर, नो एंट्री, भारत, बॉडीगार्ड और बंधन।

{अपडेट दिनांक:- 27 दिसंबर 2021}

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in