29/04/2024

जन्मदिन विशेषांक: बॉलीवुड के हीमैन ‘धर्मेन्द्र’

1 min read

धर्मेन्द्र (Dharmendra) पूरा नाम: धर्मेन्द्र सिंह देओल (जन्म तिथि: 8 दिसंबर, 1935)  बॉलीवुड के हीमैन माने जाते हैं। सन् 1960 में फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से अभिनय की शुरुआत करने के बाद पूरे तीन दशकों तक धर्मेंद्र सिनेमा जगत में छाये रहे। उन्‍होंने केवल मेट्रिक तक ही शिक्षा प्राप्त की। 19 साल की उम्र में ही प्रकाश कौर के साथ उनकी शादी भी हो चुकी थी और अभिलाषा थी बड़ा अफसर बनने की। रोल चाहे फिल्म सत्यकाम के सीधे सादे ईमानदार हीरो का हो, या फिर फिल्म शोले के एक्शन हीरो का हो चाहे फिल्म चुपके चुपके के कॉमेडियन हीरो का, सभी को सफलतापूर्वक निभा कर दिखा देने वाले धर्मेंद्र सिंह देओल अभिनय प्रतिभा के धनी कलाकार हैं। धर्मेन्द्र ने 2 विवाह किये हैं। उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर हैं। जिनके तीन बच्चे हैं- सनी देओल, बॉबी देओल और बेटी अजिता देओल। उनकी दूसरी पत्नी हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री और ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी हैं। उनकी दो बेटियाँ हैं। इशा देओल और अहाना देओल। ईशा देओल भी अभिनेत्री रही हैं।

धर्मेन्द्र के बारे में 25 रोचक तथ्य

  1. फिल्मफेयर के एक प्रतियोगिता के दौरान अर्जुन हिंगोरानी को धर्मेंद्र पसंद आ गये और हिंगोरानी जी ने अपनी फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे के लिये 51 रुपये साइनिंग एमाउंट देकर उन्हें हीरो की भूमिका के लिये अनुबंधित कर लिया। पहली फिल्म में नायिका कुमकुम थीं। वह फिल्मों में प्रवेश के पहले रेलवे में क्लर्क थे और लगभग सवा सौ रुपये की तनख्वाह पर काम करते थे।
  2. हिंदी फिल्म इतिहास के सबसे खूबसूरत हीरो में से धर्मेन्द्र एक माने जाते हैं। उनकी सेहत और चेहरे की चमक देख महान अभिनेता दिलीप कुमार ने एक बार कहा था कि वे अगले जन्म में धर्मेन्द्र जैसी शख्सियत पाना चाहते हैं।
  3. धर्मेन्द्र को टाइम्स मैगजीन ने दुनिया के दस खूबसूरत पुरुषों में जगह दी थी।
  4. धर्मेन्द्र अपने स्टंट दृश्य बिना डुप्लीकेट की सहायता के स्वयं ही करते थे। धर्मेंद्र ने चिनप्पा देवर की फिल्म मां में एक चीते के साथ सही में फाइट किया था।
  5. अपने गांव से मीलों दूर धर्मेन्द्र ने एक सिनेमाघर में सुरैया की फिल्म ‘दिल्लगी’ 40 बार देखी और इससे वे इतने प्रभावित हुए कि अपना करियर उन्होंने फिल्मों में बनाने का निश्चय किया।
  6. धर्मेन्द्र को जब पता चला कि फिल्मफेयर नामक पत्रिका नई प्रतिभा की खोज कर रही है तो उन्होंने भी फॉर्म भेजा। धर्मेन्द्र ने कहीं से अभिनय नहीं सीखा था। इसके बावजूद उन्होंने तमाम प्रतिभाशाली लोगों को पीछे छोड़ा और वे इस टैलेंट हंट में चुन लिए गए।
  7. धर्मेन्द्र को लगा कि अब उन्हें फिल्मों में आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता, लेकिन ये बातें महज सपना साबित हुईं। उन्हें जम कर संघर्ष करना पड़ा। कई बार सिर्फ चने खाकर बेंच पर सोकर उन्हें रात बितानी पड़ी।
  8. एक बार धर्मेन्द्र के ‍पास भोजन खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। थके-हारे वे अपने रूम पहुंचे जहां टेबल पर उनके रूम पार्टनर का ईसबगोल का पैकेट रखा हुआ था। भूख मिटाने के लिए धर्मेन्द्र ने पूरा ईसबगोल खा लिया। सुबह हालत खराब हो गई और डॉक्टर के पास उन्हें ले जाया गया। डॉक्टर ने सारा माजरा सुन कहा कि इन्हें दवा की नहीं भोजन की जरूरत है।
  9. धर्मेन्द्र का डील-डौल पहलवानों जैसा था। जिसको देख कई निर्माताओं ने उन्हें अभिनय छोड़ अखाड़े जाने की सलाह दी। कइयों ने कहा कि पहलवान, गांव लौट जाओ।
  10.  फूल और पत्थर धर्मेन्द्र के करियर की पहली बड़ी हिट थी। इसमें उन्होंने शर्टलेस होकर दर्शकों को चौंका दिया, लेकिन इसके लिए उन्हें आलोचना भी झेलनी पड़ी।
  11. फूल और पत्थर की शूटिंग के दौरान फिल्म अभिनेत्री मीना कुमारी से उनकी नजदीकियां चर्चा का विषय रहीं। मीना कुमारी के साथ रहते हुए उन्हें शायरी का शौक भी लगा और उन्हें सैकड़ों शेर याद हैं।
  12. धर्मेन्द्र और मीना कुमारी की नजदीकियों से मीना कुमारी के पति कमाल अमरोही नाराज हुए। वर्षों बाद उन्होंने धर्मेन्द्र को लेकर ‘रजिया सुल्तान’ बनाई। एक दृश्य में उन्होंने धर्मेन्द्र का मुंह काला करवाया। कहा जाता है कि उन्होंने इस तरह का सीन जानबूझ रख धर्मेन्द्र से बदला लिया।
  13. दिलीप कुमार की धर्मेन्द्र बेहद इज्जत करते हैं। वे उन्हें अपना बड़ा भाई मानते हैं और अक्सर दिलीप कुमार के पैरों में बैठते हैं। दिलीप कुमार से मिलने के लिए वे नियमित अंतराल से उनके बंगले पर जाते रहते हैं।
  14. गोविंदा, धर्मेन्द्र के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। जब गोविंदा की पत्नी गर्भवती थीं तब उन्होंने अपनी पत्नी को धर्मेन्द्र का फोटो दिया था ताकि उनका होने वाला बच्चा धर्मेन्द्र की तरह खूबसूरत हो। यह बात धर्मेन्द्र को पता चली तो उनकी आंखों से आंसू आ गए।
  15. रितिक रोशन भी धर्मेन्द्र के फैन हैं। बचपन में उनके कमरे में धर्मेन्द्र का बड़ा पोस्टर लगा हुआ था। कुछ वर्ष पहले रितिक के मस्तिष्क की सर्जरी हुई थी। ठीक होने के बाद सबसे पहला फोन उन्हें धर्मेन्द्र का ही आया था।
  16. सलमान खान के भी प्रिय हीरो धर्मेन्द्र हैं। धर्मेन्द्र भी कई बार कह चुके हैं कि सलमान और उनमें कई समानताएं हैं और वे भी जवानी के दिनों में सलमान की तरह हुआ करते थे। सलमान खान की फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ में काम करने के बदले में धर्मेन्द्र ने एक पैसा नहीं लिया। फिल्म का लंबा आउटडोर शेड्यूल था। सलमान के पिता सलीम खान ने अपने बेटों से कहा कि वे धर्मेन्द्र का विशेष ध्यान रखें।
  17. धर्मेन्द्र और हेमा मालिनी की जोड़ी बॉलीवुड इतिहास की प्रसिद्ध जोड़ियों में से एक है। दोनों ने लगातार कई सुपरहिट फिल्में दी। लगातार हेमा मालिनी के साथ काम करते हुए धर्मेन्द्र ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी को दिल दे बैठे। उस समय हेमा के पीछे संजीव कुमार और जीतेन्द्र जैसे अभिनेता भी थे, लेकिन इनको पछाड़ कर धर्मेन्द्र ने बाजी मार ली और हेमा को अपना बना लिया। धर्मेन्द्र ने हेमा से शादी करने के लिए धर्म परिवर्तन किया और इस्लाम अपनाया।
  18. धर्मेन्द्र ने अपने लंबे करियर में तमाम नामी निर्देशकों के साथ काम किया। जिनमें बिमल रॉय, ऋषिकेश मुखर्जी, यश चोपड़ा, बीआर चोपड़ा, रमेश सिप्पी, मनमोहन देसाई जैसे दिग्गज शामिल हैं।
  19. बॉबी देओल ने अपने एक बेटे का नाम अपने पिता के नाम पर धरम रखा है।
  20. हीरो के रूप में धर्मेन्द्र ने लंबी पारी खेली। एक दौर ऐसा भी था जब बाप-बेटे दोनों हीरो के रूप में आते थे और धर्मेन्द्र अपने बेटे से कहीं आगे थे। सनी की हीरोइनों (अमृता सिंह, डिम्पल कपाड़िया, श्रीदेवी, जया प्रदा) के भी वे हीरो बने।
  21. 1987 में 52 वर्ष की उम्र में धर्मेन्द्र की 11 फिल्में रिलीज हुईं जिसमें से 7 सफल रहीं। 70 के दशक में धर्मेन्द्र सबसे महंगे सितारों में से एक थे। एक अध्ययन के अनुसार ‘हाइएस्ट ग्रासिंग स्टार ऑफ ऑल टाइम’ की लिस्ट में धर्मेन्द्र का नंबर चौथा है।
  22. धर्मेन्द्र ने कुछ बी ग्रेड फिल्मों में भी काम किया है। जब आलोचना बेटे सनी देओल तक पहुंची तो सनी के कहने पर उन्होंने इस तरह की फिल्मों में काम करना बंद कर दिया।
  23. डांस हमेशा धर्मेन्द्र की कमजोरी रहा है। वे गानों में अपनी स्टाइल से डांस करते थे। उनके कुछ सिग्नेचर मूव्ज़ है जिसकी नकल कई सितारों ने की है। ‘मैं जट यमला पगला दीवाना’ में उनका यह डांस देखते ही बनता है।
  24. 4 बार फिल्मफेयर पुरस्कार के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी, एक बार श्रेष्ठ सहायक अभिनेता की श्रेणी और श्रेष्ठ कॉमेडियन की श्रेणी में धर्मेन्द्र का नामांकन हुआ, लेकिन उन्हें कभी यह पुरस्कार हासिल नहीं हुआ। उन्होंने फिल्मफेअर लाइफटाइम अचिवमेंट अवॉर्ड्स के दौरान कहा कि कई बार उन्हें इस उम्मीद के साथ नया सूट सिलवाया कि अवॉर्ड मिलेगा, लेकिन नहीं मिला। इसके अलावा वह भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से भी सम्‍मानित किये जा चुके हैं।
  25. अपने दोनों बेटों, सनी और बॉबी, के साथ धर्मेन्द्र का खास रिश्ता है। प्यार और एकता की मिसाल है यह परिवार जिसके रिश्ते की मजबूत दीवार में कभी दरार नहीं देखी गई। धर्मेन्द्र ने अपने बेटों के साथ अपने, यमला पगला दीवाना और यमला पगला दीवाना 2 में काम किया है।
संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in