27/11/2026

5 नवंबर को 5 भाषाओं में एक साथ रिलीज होगी रामायण

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ के मेकर्स ने नवरात्रि के पहले दिन फिल्म का नया पोस्टर जारी कर दिया है। इस पोस्टर में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, माता सीता के रूप में साई पल्लवी, लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे और रावण के अवतार में यश नजर आ रहे हैं।  इसके साथ ही मेकर्स ने फिल्म के पहले भाग की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘रामायण पार्ट 1’ 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसकी एडवांस बुकिंग दशहरा से शुरू की जाएगी।

नवरात्रि पर पोस्टर के साथ लिखा- ‘यह राम के युग का आरंभ है’

फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा कि नवरात्रि के शुभ अवसर पर एक नए युग की शुरुआत हो रही है। उन्होंने टैगलाइन दी- “यह राम के युग का आरंभ है।” रिलीज किए गए पोस्टर में आगे की तरफ रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे अपने-अपने किरदारों में दिखाई दे रहे हैं, जबकि बैकग्राउंड में यश का रावण अवतार नजर आ रहा है। इस पोस्टर में किरदारों के कॉस्ट्यूम और विस्तृत सेट की झलक देखने को मिल रही है।

5 भाषाओं और आइमैक्स फॉर्मेट में होगी रिलीज

‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े रूपांतरण प्रोजेक्ट्स में से एक के रूप में तैयार किया जा रहा है। यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सहित पांच भाषाओं में रिलीज होगी। मेकर्स इस फिल्म को आइमैक्स जैसे प्रीमियम फॉर्मेट्स पर दर्शकों के सामने पेश करने की योजना बना रहे हैं। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को आएगा, जबकि इसका दूसरा भाग यानी ‘रामायण पार्ट 2’ दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में लाया जाएगा। रणबीर कपूर और अरुण गोविल से पहले शुक्रवार को फिल्म में कैकेयी बनीं लारा दत्ता और मंथरा बनीं शीबा चड्ढा के पोस्टर भी जारी किए गए हैं।

4000 करोड़ के बजट में बन रही है ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इस पौराणिक फिल्म को लगभग 4,000 करोड़ रुपए के बजट पर तैयार किया जा रहा है। इसका संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और एआर रहमान मिलकर तैयार कर रहे हैं। नमित मल्होत्रा की कंपनी प्राइम फोकस इस फिल्म को बना रही है। मनोरंजन जगत में यह विजुअल इफेक्ट्स, एनिमेशन, पोस्ट-प्रोडक्शन और कंटेंट क्रिएशन का काम करती है। नमित मल्होत्रा इस रामायण फिल्म का निर्माण एक्टर यश की कंपनी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ और ‘DNEG’ के साथ मिलकर कर रही है। DNEG इस फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स संभाल रही है। फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (माता सीता) और यश (रावण) की भूमिका में हैं। वहीं सनी देओल (हनुमान), रवि दुबे (लक्ष्मण), अरुण गोविल (दशरथ), लारा दत्ता (कैकेयी) और रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा) के किरदारों में नजर आएंगे।

सोनी पिक्चर्स के साथ ‘रामायण’ का ग्लोबल प्रमोशन

फिल्म को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़े स्तर पर रिलीज करने की रणनीति लंबे समय से तैयार की जा रही है। इसके अलावा, विदेशी बाजारों में डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी सोनी पिक्चर्स को सौंपना भी इस प्लानिंग का अहम हिस्सा है।

ट्रेड सूत्र के अनुसार, “निर्माता नमित मल्होत्रा और ‘रामायण’ की मुख्य टीम इसे किसी भारतीय फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी रिलीज बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वे लंबे समय से इस लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। सिनेमाकोन 2026 और सैन डिएगो कॉमिक कोन में फिल्म का प्रमोशन इसी दिशा में उठाया गया एक कदम था। अंतरराष्ट्रीय वितरण के लिए सोनी पिक्चर्स को साथ लाना भी टीम के लिए बहुत बड़ी मजबूती साबित हुआ है।” सोनी पिक्चर्स फिल्म को भारत के बाहर अंतरराष्ट्रीय बाजारों में वितरित करेगी। वहीं, भारत में हिंदी भाषी बाजार के लिए धर्मा प्रोडक्शन वितरण संभालेगी। इस व्यवस्था के जरिए फिल्म को भारतीय दर्शकों के साथ-साथ विदेशी बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी है।

रामायण पार्ट 2 कब रिलीज होगा?

लगभग 4000 करोड़ रुपए के रिपोर्टेड बजट में बनी ‘रामायण’ को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना है। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में आएगा। वहीं, दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के दौरान रिलीज करने का प्लान है। भारत में फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। इसे IMAX समेत प्रीमियम फॉर्मेट में भी देखा जा सकेगा। करीब 40 भाषाओं में डबिंग के दावे की पूरी सूची सामने आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि फिल्म किन अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में उपलब्ध होगी।

1 thought on “5 नवंबर को 5 भाषाओं में एक साथ रिलीज होगी रामायण”

Comments are closed.

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole