29/04/2024

गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराने वाले भारतीय कलाकार

1 min read

1913 में रिलीज हुई ‘राजा हरिश्चंद्र’ के बाद भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को 100 साल से ऊपर हो चुके हैं। हर साल कोई न कोई रिकॉर्ड बनता-टूटता रहता है, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री ने कुछ ऐसे रिकॉर्ड्स भी बनाए हैं, जो गिनीज बुक में दर्ज हो चुके हैं। अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन से लेकर कपूर परिवार और साउथ के कॉमेडियन ब्रह्मानंदम से लेकर ‘यादें’ और ‘कैस और लैला’ तक ऐसे कई मौके आए, जब गिनीज बुक में भारतीय फिल्मों और उसमें काम करने वाले कलाकार का नाम शामिल हुआ। तो आइए जानते हैं फिल्म इंडस्ट्री के उन कलाकारों के बारे में जिनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।

पी जयराज

पी. जयराज

पैदी जयराज को भारतीय सिनेमा का सुपरस्‍टार कहा जाता है। बॉलीवुड के पुरुष कलाकारों में सबसे लंबे कॅरियर के लिए इनका नाम गिनीज बुक में दर्ज है। इन्होंने अपनी जिंदगी के 70 साल फिल्मों के नाम कर दिए। 1980 में इन्‍हें दादा साहेब फाल्‍के पुरस्‍कार से नवाजा गया था।

ललिता पवार

ललिता पवार

पी जयराज की तरह ही बॉलीवुड की महिला कलाकार के तौर पर सबसे लंबा कॅरियर ललिता पवार का रहा। इसके लिए इनका नाम गिनीज बुक में दर्ज है। इन्होंने भी करीब 70 वर्ष फिल्मों को दे दिए।

जगदीश राज

जगदीश राज

जगदीश का नाम याद करते ही फिल्‍मों के पुलिस इंस्‍पेक्‍टर की तस्‍वीर सामने आ जाती है। जगदीश के इसी रोल की वजह से इनका नाम गिनीज बुक में दर्ज है। इन्‍होंने 144 फिल्मों में पुलिस का किरदार निभाया है, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है।

अशोक कुमार

अशोक कुमार

दादा मुनि अशोक कुमार का नाम भी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। वजह है दादा मुनि ने मेन लीड एक्टर के तौर पर सबसे ज्यादा फिल्में की हैं। उन्होंने 1936 में ‘जीवन न्याय’ नाम की पहली फिल्म बनाई और अछूत कन्या, किस्मत, महल, हावड़ा ब्रिज, राखी, आशीर्वाद, छोटी सी बात और खूबसूरत जैसी हिट फिल्मों में काम किया।

आशा भोंसले

आशा भोंसले (प्रमाण पत्र के साथ)

सुरों की मल्लिका कहे जाने वाली गायिका आशा भोंसले ने साल 1947 से आज तक 20 के करियर में 11000 गाने रिकॉर्ड किए हैं। उनका ये रिकार्ड आज तक कोई भी गायक नहीं तोड़ पाया है। उनका यह रिकार्ड 2011 में गिनीज बुक में दर्ज हो चुका है। आशा ने 11 हजार से ज्यादा सोलो, डुएट और कोरस गाने गाए हैं। यह गाने 20 भाषाओं के हैं। आशा के गाए गानों में ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘दम मारो दम’ यादगार हैं।

कुमार सानू

कुमार सानू

बॉलीवुड के मशहूर गायक कुमार सानू का एक दिन में 28 गाने रिकॉर्ड करने का रिकॉर्ड आज तक बॉलीवुड का कोई सिंगर भी नहीं तोड़ पाया है। बता दें कि, सानू ने 1993 में एक दिन में 28 गाने रिकॉर्ड किए थे। उनका ये रिकार्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।

ब्रह्मानंदम

ब्रह्मानंदम

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर कॉमेडियन ब्रह्मानंद साल 2010 तक 857 फिल्मों में काम कर चुके थे। इसलिए इनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था। ब्रहमानंद 2010 से लेकर अब तक 200 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है। साऊथ की ज्यादातर फिल्मों में आप इन्हें देख सकते हैं।

समीर (गीतकार)

समीर (प्रमाण पत्र के साथ)

सबसे ज्यादा 3524 गाने लिखने पर 17 फरवरी 2016 को बॉलीवुड के गीतकार समीर का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। समीर ने अपना पहला गाना 1983 में फिल्म ‘बेखबर’ के लिए लिखा था। अब तक वे 650 से ज्यादा फिल्मों के लिए गाने लिख चुके हैं। रिकॉर्ड में उनके 15 दिसंबर 2015 तक के काम को शामिल किया गया था।

अभिषेक बच्‍चन

अभिषेक बच्चन (प्रमाण पत्र के साथ)

किसी फिल्‍म स्‍टार द्वारा 12 घंटे के भीतर सबसे ज्यादा पब्लिक अपीयरेंस का विश्व रिकॉर्ड अभिषेक बच्चन के नाम है। फिल्‍म ‘दिल्ली-6’ के प्रमोशन के लिए अभिषेक 12 घंटे के भीतर 7 शहरों में नजर आए थे। इनमें गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद, दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़ और मुंबई शामिल थे। इसके लिए उन्होंने अपने प्राइवेट जेट और कार से करीब 1800 किलोमीटर की दूरी तय की थी।

अमिताभ बच्चन

अमिताभ बच्चन

अमिताभ बच्चन ने हनुमान चालीसा गाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। उनके समेत 19 गायक ने चालीसा गाई थी। इसे शेखर रविजानी ने कम्पोज किया था। अमिताभ के साथ आदेश श्रीवास्तव, अभिजीत भट्टाचार्य, बाबुल सुप्रियो, हंसराज हंस, कैलाश खेर, केके, कुमार सानू, कुणाल गांजावाला, मनोज तिवारी, मुकुल अग्रवाल, प्रसून जोशी, रूपकुमार राठौड़, सोनू निगम, शंकर महादेवन, सुखविंदर सिंह, सुरेश वाडेकर, उदित नारायण और विनोद राठौड़ ने आवाज दी थी।

शाहरुख ख़ान

शाहरुख ख़ान

शाहरुख खान अपने स्टारडम और फैन फॉलोइंग के चलते 2013 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एक्टर बने थे। शाहरुख ने 2013 में 220.5 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इससे उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया।

कैटरीना कैफ़

कैटरीना कैफ़

कैटरीना कैफ़ के नाम पर भी यही रिकॉर्ड बना, लेकिन फीमेल स्टार के तौर पर। कैटरीना ने भी 2013 में 63.75 करोड़ रुपए की कमाई कर यह रिकॉर्ड अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की थी।

सोनाक्षी सिन्हा

सोनाक्षी सिन्हा (प्रमाण पत्र के साथ)

विश्व महिला दिवस के मौके पर 2016 में मुंबई में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें 1328 महिलाओं ने एक ही वक्त में अपने नाखूनों को रंगा था। महिलाओं के समूह में बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा भी शामिल थीं। एक वक्त में इतनी महिलाओं द्वारा नेल पॉलिश करने का यह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड था, जो गिनीज बुक में दर्ज किया गया था।

इंडियन फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए अन्य वर्ल्ड रिकॉर्ड्स

कपूर फैमिली
  • इंडियन फिल्म इंडस्ट्री दुनिया की सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री है। 2009 में बॉलीवुड का नाम गिनीज बुक में दर्ज हुआ। भारत में उस साल 24 भाषाओं में 1288 फीचर फिल्में बनीं थीं। उनमें से 364 फिल्में बॉलीवुड से थीं। इसके पहले यह रिकॉर्ड हॉलीवुड के नाम था। 2008 में हॉलीवुड में 606 फीचर फिल्में बनी थीं।
  • पृथ्वीराज कपूर, राज कपूर से लेकर रणबीर कपूर तक कपूर फैमिली से अब तक 25 कलाकार बॉलीवुड का हिस्सा बन चुके हैं, इसलिए इस परिवार का नाम गिनीज बुक में दर्ज किया जा चुका है।
  • 1964 में आई सुनील दत्त की फिल्म ‘यादें’ (Yaadein) भी गिनीज बुक में दर्ज हो चुकी है। दरअसल यह ब्लैक एंड व्हाइट फिल्म सुनील दत्त ने ही प्रोड्यूस की थी और फिल्म में एक्टिंग भी की थी। रिकॉर्ड इसी कारण बना था कि पूरी फिल्म में केवल एक ही एक्टर था। सुनील के अलावा इस फिल्म में नरगिस थीं, लेकिन फिल्म में उनका केवल स्कैच ही दिखाई देता है।
  • ऋतिक रोशन और अमीषा पटेल की फिल्म ‘कहो न प्यार है’ (Kaho Naa Pyar Hai) के नाम पर भी सबसे ज्यादा अवार्ड पाने का रिकॉर्ड दर्ज है। 2000 में रिलीज हुई इस फिल्म को कुल 92 अवार्ड मिले थे।
  • लव एंड गॉड (कैस और लैला)
  • 1986 में बनी ‘कैस और लैला’ (Love and God) के नाम सबसे ज्यादा समय में बनी फिल्म का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। दरअसल यह फिल्म कई कारणों के चलते 20 साल में पूरी हो सकी थी। लीड एक्टर गुरु दत्त का 1964 में निधन हो गया। बाद में 1971 में डायरेक्टर के. आसिफ़ का निधन हो गया। इस कारण फिल्म 1986 में रिलीज हो सकी। फिल्म में संजीव कुमार लीड रोल में थे।
  • एसएस राजामौली की फिल्म ‘बाहुबली द बिगनिंग’ के नाम पर भी वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है। दरअसल यह किसी एक्टर को नहीं, बल्कि पोस्टर को मिला है। यह पोस्टर 50 हजार स्क्वेयर फीट में बना था। पोस्टर 4793 वर्ग मीटर में बनाया गया था। कोच्चि में बने इस पोस्टर को ग्लोबल यूनाइटेड मीडिया कंपनी ने तैयार किया था। 27 जून 2015 में बने इस पोस्टर से पहले यह रिकॉर्ड अक्षय कुमार की फिल्म ‘बॉस’ (2013) के नाम पर था।
संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in