29/04/2024

भारत की पहली रंगीन फ़िल्म ‘किसान कन्या’

1 min read

किसान कन्या (Kisan Kanya) भारत में बनी पहली रंगीन फ़िल्म है, जो 8 जनवरी, 1937 को रिलीज हुई। भारत की पहली सवाक फ़िल्म आलम आरा (Alam Aara) बनाने वाली इंपीरियल फ़िल्म कंपनी ने ही भारत की पहली रंगीन फ़िल्म को बनाया। किसान कन्या को रंगीन फोटोग्राफी की वजह से आशातीत सफलता तो मिली, पर कहानी के दृष्टिकोण से यह काफ़ी कमज़ोर मानी गई।

किसान कन्या का इतिहास

ईस्टमैन कलर यानी बहुरंगी फ़िल्म बनाने का पहला कदम 1933 में पुणे की प्रभात फ़िल्म कंपनी ने उठाया। निर्देशक वी. शांताराम ने फ़िल्म सैरंध्री को प्रभात स्टूडियो में शूट किया, लेकिन तब प्रोसेसिंग भारत में नहीं हो सकती थी। शांताराम फ़िल्म के प्रिंट लेकर जर्मनी गए। काम पूरा होने के बाद जब फ़िल्म भारत आई तो प्रभात फ़िल्म कंपनी वालों ने सिर पीट लिया। सैरंध्री के रंग एकदम धुंधले और उखड़े-उखड़े थे। यह अपने पास साधन न होने का नतीजा था, लेकिन भारतीय निर्माता रंगीन फ़िल्म बनाने के मामले में चुप बैठने वाले नहीं थे। पहली सवाक फ़िल्म आलम आरा बनाने वाली इंपीरियल फ़िल्म कंपनी के अर्देशिर ईरानी ने देश में रंगीन फ़िल्म बनाने का प्रबंध किया और भारत की पहली पूरी तरह स्वदेशी रंगीन फ़िल्म किसान कन्या 8 जनवरी, 1938 को बंबई के मैजेस्टिक सिनेमा घर में रिलीज की। उस दिन सुबह से ही मैजेस्टिक सिनेमा की ओर जाने वाली सड़कों के दोनों ओर उत्साह से भरे लोगों की अपार भीड़ जमा हो गई थी। सिनेमाघर की सीटें खचाखच भरी हुई थीं। रंगीन फ़िल्म देखने का आकर्षण लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा था।

किसान कन्या की कहानी एवं फ़िल्म निर्माण

किसान कन्या की कहानी गांव के एक लालची और क्रूर ज़मींदार की थी, जो अपने जुल्मों से किसान-मज़दूरों का जीना मुश्किल किए हुए था। बाद में पाप के अंत के साथ फ़िल्म खत्म होती है। फ़िल्म का निर्देशन मोती बी. गिडवानी ने किया था। इसकी कहानी और पटकथा जियाउद्दीन ने लिखी थी जबकि सिनेरियो तैयार करने और संवाद लिखने का काम सआदत हसन मंटो ने किया था। संगीत रामगोपाल पांडे का था और रुस्तम ने फोटोग्राफ़ी की थी। फ़िल्म समीक्षकों ने इसे कमजोर कहानी वाली फ़िल्म बताया, जबकि यह दर्शकों को सिनेमा हॉल तक खींचने में सौ प्रतिशत सफल रही। यह उस जमाने के हिसाब से निर्माता के लिए अधिक बजट की फ़िल्म थी, सो डर कर फ़िल्म निर्माताओं ने कई वर्षों तक रंगीन फ़िल्म बनाने का साहस नहीं किया।

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in