15/05/2024

साल 2022 में बॉलीवुड को नई राह दिखा सकती हैं ये 10 फ़िल्में!

1 min read

जैसा कि सब जानते हैं कि पिछले 2 साल से पूरा वर्ल्ड कोविड-19 की वजह से परेशान हैं और इसी वजह से फ़िल्में सिनेमाहॉल में रिलीज नहीं हो पा रही हैं लेकिन OTT पर दर्शकों का बेहतरीन मनोरंजन हो रहा है और इसीलिए अब दर्शकों का टैस्ट भी बदल चुका है। अब हीरो की एंट्री वाली या वेबजह कार उडने वाली फ़िल्मों का चलना बहुत ही मुश्किल होगा और यह सही भी है आख़िर कब बॉलीवुड ऐसी फ़िल्मों से पैसा कमाकर दर्शक को बेफकूफ बनायेगा। मतलब साफ़ है बॉलीवुड को नई कहानियों पर कार्य करना ही होगा। नहीं तो वो दिन ज़्यादा दूर नहीं जब हॉलीवुड की फ़िल्में भारत के पूरे बाज़ार पर अपना क़ब्ज़ा कर लेंगी। तो आईये जानते हैं उन 10 फ़िल्मों के बारे में जो बॉलीवुड की दिशा बदलने का माद्दा रखती हैं।

इस लेख के माध्यम से हम आपको बताने जा रहे हैं कि साल 2022 में आने वाली 10 बेहतरीन फ़िल्मों के बारे में। जो हमारे हिसाब से बॉलीवुड को एक नई दिशा देने में सक्षम हैं। जानकारी के लिए आपको बता दें कि इनमें से कोई भी फ़िल्म सीक्वल या रीमेक नहीं हैं। सभी एकदम नई कहानी पर आधारित है।

1. पृथ्वीराज

इनमें सबसे पहले रिलीज़ होगी पृथ्वीराज। हिन्दू सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जीवनी पर आधारित यह एक हिस्टोरिकल ड्रामा है जिसमें पृथ्वीराज चौहान का किरदार अक्षय कुमार निभा रहे हैं। इस फिल्म से मिसवर्ल्ड मानुषी छिल्लर अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। फ़िल्म में संजय दत्त, सोनू सूद एवं आशुतोष राणा भी अहम भूमिका में दिखेंगे। चाणक्य जैसा कालजयी टीवी धारावाहिक और पिंजर जैसी बेहतरीन फ़िल्म बनाने वाले चंद्रप्रकाश द्विवेदी इस फ़िल्म के निर्देशक हैं। पृथ्वीराज अगले साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिलीज़ होगी।

2. अटैक

इसके ठीक बाद रिलीज़ होगी अटैक। ये एक एक्शन ड्रामा है। इसमें जॉन अब्राहम, जैकलीन एवं रकुलप्रीत सिंह मुख्य किरदार निभाते नज़र आएँगे। फ़िल्म का टीज़र बेहतरीन है जिन्होंने नहीं देखा ज़रूर देखें। हमारे हिसाब से जॉन को ऐसा किरदार सूट करता है। फ़िल्म में जिस तरह साइंस की तकनीक का इस्तेमाल किया गया है इससे पहले बॉलीवुड फ़िल्मों में अकसर नहीं किया जाता। अटैक 28 जनवरी को रिलीज़ होगी।

3. रॉकेट्री: द नम्बी इफ़ेक्ट

अगली फ़िल्म है ‘रॉकेट्री द नम्बी इफ़ेक्ट’ यह एक बायो-ग्राफिकल ड्रामा है जो कि इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नबी नारायण के जीवन पर आधारित है। ये एक एयरफोर्स इंजीनियर भी थे। इसमें उनकी कहानी बताई जाएगी जब उन पर जासूसी का आरोप लगाया गया था। यह फिल्म ना सिर्फ हिंदी भाषा में बल्कि अंग्रेजी, तमिल, कन्नड़ एवं मलयालम भाषा में भी रिलीज़ होगी। इसमें आर माधवन ने मुख्य भूमिका निभाई है। रॉकेट्री 1 अप्रैल को रिलीज़ होगी।

4. रनवे 34

अगली फ़िल्म है रनवे 34। सच्ची घटनाओं से प्रेरित इस थ्रिलर का निर्देशन अजय देवगन स्वयं कर रहे हैं। ये एक इमोशनल और हाई ओक्टेन एक्शन थ्रिलर है। यह साल 2015 में दोहा से कोच्चि गये विमान में हुई घटना पर आधारित है। रनवे 34 का पहले नाम ‘मेडे’ था। इसमें अजय देवगन के अलावा अमिताभ बच्चन और रकुलप्रीत सिंह भी अहम भूमिका में दिखेंगे। फ़िल्म की शूटिंग हाल ही ख़त्म हुई है। यह 29 अप्रैल को सिनेमाघरों में लगेगी।

5. डॉक्टर G

इसके बाद रिलीज होगी डॉक्टर G। अनुभूति कश्यप द्वारा निर्देशित यह एक सोशल ड्रामा है। इसमें आयुष्मान खुराना के साथ रकुलप्रीत सिंह मुख्य भूमिका में हैं। सहायक भूमिकाओं में हैं शेफाली शाह और शीबा चड्ढा।हमेशा से सार्थक फ़िल्में करने वाले आयुष्मान से एक अच्छी फ़िल्म की उम्मीद है।

6. आदिपुरुष

अगली फ़िल्म है प्रभास की ‘आदिपुरुष’। प्रभास का नाम सुनते ही आपके जहन में सबसे पहले बाहुबली जैसी फिल्म की छवि सामने प्रदर्शित हो जाती है। बिग बजट फिल्म आदिपुरुष, रामायण पर आधारित है। इसमें प्रभास ने राम, कृति सेनन ने सीता एवं सैफ अली खान ने लंकेश यानी रावण का किरदार निभाया है। यह 3D फिल्म होगी जो तेलुगु एवं हिंदी दोनों भाषाओं में रिलीज़ होगी। आदिपुरुष के निर्देशक ओम राउत हैं जो इससे पहले अजय देवगन की तान्हाजी जैसी ब्लॉकबस्टर बना चुके हैं। आदिपुरुष स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज़ होगी।

7. ब्रह्मास्त्र पार्ट-1

आदिपुरुष के बाद आयेगी ब्रह्मास्त्र। अयान मुखर्जी के निर्देशन में बन रही इस फ़िल्म के 3 पार्ट होंगे जिसका पहला पार्ट 9 सितंबर को रिलीज़ होगा। लगभग 5 साल से बन रही इस फ़िल्म का वीएफएक्स हॉलीवुड लेवल का होने वाला है जिसका दर्शकों को बड़ी ही बेसब्री से इंतजार हैं। फिल्म में पहली बार आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की जोड़ी नजर आने वाली है। फ़िल्म में अमिताभ बच्चन और नागार्जुन भी अहम भूमिका में दिखेंगे। बीते दिनों ही इसका पहला मोशन पोस्टर रिलीज हुआ है जिसमें रणबीर कपूर का लुक सभी को खूब पसंद आया।

8. राम सेतु

अगली फ़िल्म है ‘राम सेतु’ जो माइथोलॉजिकल ड्रामा है, जिसका निर्देशन अभिषेक शर्मा कर रहे हैं। फिल्म में अक्षय कुमार एक रिसर्चर की भूमिका में हैं। अक्षय के साथ जैकलीन और नुशरत भरुचा भी फिल्म में अहम भूमिका में नज़र आयेंगी। राम सेतु अक्षय का ड्रीम प्रोजेक्ट है। अक्षय कुमार एक फ़िल्म के लिए अमूमन 35 से 40 दिन शूट करते हैं लेकिन ख़बरों के मुताबिक़ राम सेतु के लिए अक्षय अब तक 60 दिन की शूटिंग कर चुके हैं। जिस लगन और शिद्दत से अक्षय इसमें अपना समय दे रहे हैं, उससे लगता है कि यह अक्षय की ही नहीं, बॉलीवुड के लिए भी एक मील का पत्थर साबित होगी। राम सेतु दीवाली पर रिलीज़ होगी।

9. भेड़िया

अगली फ़िल्म है भेड़िया जो एक हॉरर ड्रामा है। इसमें आपको लीड रोल में वरुण धवन और कृति सेनन दिखेंगे। इस फिल्म की कहानी के बारे में अभी अधिक जानकारी नहीं मिल पायी है लेकिन इस फ़िल्म के निर्माता दिनेश विजन और निर्देशक अमर कौशिक इससे पहले ‘स्त्री’ जैसी बेहतरीन फ़िल्म दे चुके हैं।

10. सैम बहादुर

इस सूची का अंतिम फ़िल्म है सैम बहादुर। भारतीय सेना के पूर्व सेनाअध्यक्ष सैम मानेकशॉ के जीवन पर आधारित इस फ़िल्म का सब बहुत बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। मानेकशॉ के नेतृत्व में भारत ने सन् 1971 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध में विजय प्राप्त की थी जिसके परिणामस्वरूप बांग्लादेश का जन्म हुआ था। मेघना गुलज़ार इस फ़िल्म का निर्देशन कर रही हैं। विक्की कौशल मानेकशॉ के किरदार में दिखेंगे और साथ में सान्या मल्होत्रा एवं फ़ातिमा सना शेख़ भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी। फ़िल्म की रिलीज़ डेट अभी कन्फर्म नहीं हुई है लेकिन इतना तय है कि यह 2022 में ही रिलीज़ होगी।

ये फ़िल्में भी अपनी छाप छोड़ सकती हैं!

  • रणबीर कपूर की ‘शमशेरा’ (18 मार्च)
  • आयुष्मान खुराना की ‘अनेक’ (31 मार्च)
  • कंगना रानौत की ‘धाकड़’ (8 अप्रैल)
  • ईशान खट्टर की ‘पिप्पा’ (9 दिसंबर)

 

Loading

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole