15/05/2024

जापान में सबसे कमाऊ इंडियन फ़िल्म बनी ‘RRR’, तोड़ा 27 साल पुराना रिकॉर्ड

1 min read

एसएस राजामौली (SS Rajamouli) की फिल्म ‘आरआरआर’ (RRR) ने नया कीर्तिमान रच दिया है। अब यह फिल्म जापान में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली इंडियन फिल्म बन गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ‘RRR’ ने रजनीकांत स्टारर ‘मुथु’ (Muthu) के लाइफटाइम कलेक्शन को पछाड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। बताया जा रहा है कि राम चरण (Ram Charan) और जूनियर एनटीआर (Jr NTR) स्टारर फिल्म ‘RRR’ ने जापान में लगभग 400 मिलियन जापानी येन की कमाई की है, जो भारतीय रुपयों में लगभग 24.10 करोड़ रुपए होते हैं।

27 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा 

भारतीय फिल्मों के लिहाज से जापानी बॉक्स ऑफिस पर 27 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। रजनीकांत स्टारर तमिल फिल्म ‘मुथु’ 1995 में रिलीज हुई थी और जापानी बॉक्स ऑफिस पर इसने छप्पर फाड़ कमाई की थी। के. शिवकुमार ने इस फिल्म का निर्देशन किया था और रजनीकांत के साथ इसमें मीना की भी मुख्य भूमिका थी। बताया जाता है कि ‘मुथु’ ने जापानी बॉक्स ऑफिस पर लगभग 23.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था और यह ऐसा आंकड़ा था, जिसे ‘RRR’ से पहले कोई भारतीय फिल्म पार नहीं कर पाई। जापानी बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्य़ादा कमाई करने वाली इंडियन फिल्मों की सूची में एसएस राजामौली की अन्य फिल्म ‘बाहुबली 2 : द कन्क्लूजन’ (Baahubai 2) तीसरे स्थान पर है, जिसकी कमाई करीब 16.73 करोड़ रुपए रही है।

6 महीने की देरी से हुई रिलीज ‘RRR’

‘RRR’ को वर्ल्डवाइड रिलीज के लगभग 6 महीने बाद जापानी भाषा में रिलीज किया गया था। 25 मार्च, 2022 को इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा में वर्ल्डवाइड रिलीज किया और 21 अक्टूबर को फिल्म ने जापानी बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दी। पहले सप्ताह में इस फिल्म ने जापानी बॉक्स ऑफिस की टॉप 10 फिल्मों में जगह बना ली थी, जिनमें से 9 फ़िल्में जापान की ही थीं। फिल्म ने पहले सप्ताह में लगभग 73 मिलियन जापानी येन यानी करीब 4.70 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।

जापान में अन्य टॉप इंडियन फ़िल्में

जापान में रिलीज हुईं भारत की अन्य टॉप फिल्मों में आमिर खान स्टारर ‘3 इडियट्स’ (3 Idiots), श्रीदेवी अभिनीत ‘इंग्लिश विंग्लिश’ (English Winglish), अक्षय कुमार स्टारर ‘पैड मैन’ (PadMan), आमिर खान स्टारर ‘दंगल’ (Dangal) और प्रभास स्टारर ‘बाहुबली : द बिगनिंग’ (Baahubali) शामिल हैं।

  1. 3 इडियट्स (3 Idiots)  –  170 मिलियन जापानी येन (9.48 करोड़ रुपए)
  2. इंग्लिश विंग्लिश (English Winglish) – 130 मिलियन जापानी येन (7.25 करोड़ रुपए)
  3. पैड मैन (Pad Man) – 90 मिलियन जापानी येन (5.02 करोड़ रुपए)
  4. दंगल (Dangal) – 80 मिलियन जापानी येन (4.46 करोड़ रुपए)
  5. बाहुबली द बिगनिंग (Baahubali)-  75 मिलियन जापानी येन (4.18 करोड़ रुपए)

 

Loading

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in
Optimized by Optimole