07/05/2024

मशहूर एक्टर एवं स्क्रीनराइटर शिव कुमार सुब्रमण्यम का निधन

1 min read

नए हफ्ते की शुरुआत फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बुरी खबर के साथ हुई है। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और स्क्रीनराइटर शिव कुमार सुब्रमण्यम (Shiv Kumar Subramaniam) का देर रात निधन हो गया है। अभिनेता के निधन की खबर सामने आते ही पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। शिव कुमार के निधन की वजहों के बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। जानकारी के मुताबिक शिव कुमार सुब्रमण्यम का अंतिम संस्कार 11 अप्रैल, सोमवार को सुबह 11 बजे मोक्षधाम हिंदू श्मशान भूमि में किया जाएगा।

2 महीने पहले हुई थी बेटे की मौत

मशहूर फिल्ममेकर बीना सरवर ने ट्विटर पर एक्टर के निधन पर शोक जताया। बीना सरवर ने ट्वीट किया- ‘बहुत ही दुखद खबर, बेटे जहान की मौत के ठीक दो महीने बाद ही उनका निधन हो गया। उनके बेटे जहान को ब्रेन ट्यूमर था। 16वें बर्थडे से पहले ही उसकी मौत हो गई थी।’

‘हज़ारों ख्वाहिशें ऐसी’ का स्क्रीन प्ले लिखा

फ़िल्म ‘2 स्टेट्स’ के एक दृश्य में शिव कुमार सुब्रमण्यम

शिव कुमार सुब्रमण्यम फिल्मों में अपनी अलग अभिनय के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कई फिल्मों में शानदार एक्टिंग की थी। शिव कुमार सुब्रमण्यम ने अपने करियर में विधू विनोद चोपड़ा और सुधीर मिश्रा जैसे बड़े निर्देशकों के साथ भी काम किया था। इतना ही नहीं उन्होंने साल 1989 में आई फिल्म ‘परिंदा’ (Parinda) और इसके बाद साल 2005 में आई ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ (Hazaaron Khwaishein Aisi) फिल्म का स्क्रीनप्ले लिखा था। शिव कुमार सुब्रमण्यम आखिरी बार बीते साल आई फिल्म ‘मीनाक्षी सुंदरेश्वर’ में नजर आए थे। इस फिल्म में सान्या मल्होत्रा मुख्य किरदार में थीं। इसके अलावा अभिनेता कई फिल्मों और टीवी सीरियल्स में भी नजर आ चुके हैं। अपने शानदार करियर के दौरान, उन्हें परिंदा के लिए सर्वश्रेष्ठ पटकथा के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार और हज़ारों ख्वाहिशें ऐसी के लिए सर्वश्रेष्ठ कहानी से सम्मानित किया गया। इनके अलावा शिव कुमार ‘2 स्टेट्स’ (2 States), ‘तीन पत्ती’ (Teen Patti), ‘प्रहार’ (Prahaar) और रानी मुखर्जी स्टारर ‘हिचकी’ (Hichki) में भी नजर आए थे। शिव कुमार सुब्रमण्यम ने टीवी शो ‘मुक्ति बंधन’ में भी काम किया था। फिल्म ‘2 स्टेट्स’ में इन्होंने आलिया भट्ट के पिता का किरदार निभाया था। इसमें अर्जुन कपूर, आलिया के अपोजिट थे।

फिल्मों के अलावा शिव कुमार सुब्रमण्यम छोटे पर्दे पर भी अपनी एक्टिंग का दम दिखा चुके थे। उन्होंने टीवी ‘मुक्ति बंधन’ में भी काम किया था। यह शो साल 2011 में टीवी चैनल कलर्स पर प्रसारित हुआ था। इस शो में भी शिव कुमार सुब्रमण्यम को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और करीबी निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।

संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in