26/04/2024

‘दृश्यम’ के निर्देशक निशिकांत कामत का निधन

1 min read

बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक और अभिनेता निशिकांत कामत (Nishikant Kamat) का 17 अगस्त, 2020 सोमवार को निधन हो गया। वे यकृत संबंधी खतरनाक बीमारी ‘लिवर सिरोसिस’ से पीड़ित थे। उन्होंने दृश्यम (Drishyam), मुंबई मेरी जान (Mumbai Meri Jaan) और मदारी (Madari) जैसी शानदार फ़िल्मों का निर्देशन किया है। हैदराबाद के गाचीबाउली स्थित एआईजी अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि निशिकांत कामत का सोमवार को 16:24 घंटे पर निधन हो गया। वह पिछले दो साल से लिवर सिरोसिस से पीड़ित थे। कुछ दिन पहले 12 अगस्त को बताया गया था कि निशिकांत कामत को पीलिया और पेट संबंधी शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें यकृत संबंधी इस गंभीर बीमारी के होने की पुष्टि हुई।

‘मदारी’, ‘रॉकी हैंडसम’ और ‘दृश्यम’ जैसी फ़िल्मों के निर्देशक निशिकांत कामत ने हैदराबाद के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। इस बात की पुष्टि निशिकांत के दोस्त और रितेश देशमुख ने ट्विटर पर की। उन्होंने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “मुझे तुम्हारी बहुत याद आएगी दोस्त निशिकांत कामत। आपकी आत्मा को शांति मिले।”

निशिकांत कामत का फ़िल्मी कैरियर

निशिकांत कामत ने 2005 में मराठी फ़िल्म ‘डोंबिवली फास्ट’ से निर्देशन में डेब्यू किया था। यह फ़िल्म उस साल की सबसे बड़ी हिट मराठी फ़िल्मों में से एक थी। इस फ़िल्म को बेस्ट फीचर फ़िल्म मराठी का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था।

‘दृश्यम’ से मिली शोहरत

बॉलीवुड में कामत को सबसे ज्यादा शोहरत साल 2015 में आई अजय देवगन (Ajay Devgn), तब्बू (Tabu) और श्रेया सरन (Shreya Saran) स्टारर फ़िल्म ‘दृश्यम’ ने दिलाई। बेहतरीन निर्देशक होने के साथ ही वे शानदार अभिनेता भी हैं और उन्होंने कई फ़िल्मों में एक्टिंग में भी हाथ आजमाए हैं। वे हाथ आने दे, सतच्या आत घरात (मराठी), 404: एरर नॉट फाउंड, रॉकी हैंडसम, डैडी, जुली-2, भावेश जोशी सुपरहीरो जैसी फिल्मों में अभिनय भी कर चुके हैं। इनमें से साल 2016 में आई अपनी फिल्म ‘रॉकी हैंडसम’ में उन्होंने जॉन अब्राहम (John Abraham) के अपोजिट निगेटिव रोल निभाया था। वे आखिरी बार हर्षवर्धन कपूर (Harshvardhan Kapoor) स्टारर फिल्म ‘भावेश जोशी सुपरहीरो’ में नजर आए थे।

बॉलीवुड सितारों ने दी निशिकांत कामत को श्रद्धांजलि

  • परेश रावल (Paresh Rawal) ने लिखा, “मुंबई मेरी जान बनाने वाले मरे पसंदीदा डायरेक्टर्स में से एक निशिकांत कामत ने आज हैदराबाद के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। इस तरह की सार्थक फिल्मों और यादों के लिए शुक्रिया। ओम शांति।”
  • अजय देवगन (Ajay Devgn) ने लिखा है, “निशिकांत के साथ मेरी इक्वेशन दृश्यम तक सीमित नहीं थी, जो कि उन्होंने तब्बू और मेरे साथ डायरेक्ट की थी। यह ऐसा एसोसिएशन था, जो मुझे हमेशा प्यारा रहा। वे ब्राइट थे और हमेशा स्माइल करते रहते थे। बहुत जल्दी चले गए।
  • जिमी शेरगिल (Jimmi Shergil) ने लिखा, “आपकी आत्मा को शांति मिले निशिकांत कामत। आप बहुत याद आएंगे। परिवार के साथ संवेदनाएं।”
  • निमरत कौर (Nimrat Kaur) ने लिखा, “निशिकांत कामत के निधन के बारे में सुन बहुत दुख हुआ। उनके सभी परिजनों के लिए हार्दिक संवेदनाएं और प्रार्थना।”
  • फिल्म निर्देशक हंसल मेहता (Hansal Mehta) ने लिखा है, “वह हमें छोड़ गया। आप बहुत याद आएंगे निशि। यह साल एक डरावने सपने जैसा हो गया है, जो खत्म ही नहीं हो रहा।
  • सोहा अली ख़ान (Soha Ali Khan) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा कि निशिकांत कामत के निधन से दुखी हूं। 12 साल पहले मैंने उनके साथ काम किया था, पहली फिल्म ‘मुंबई मेरी जान’ में। वह एक ऐसा एक्सपीरियंस था, जिसे मैं कभी भूल नहीं पाऊंगी। परिवार और उनके चाहने वालों को संवेदनाएं।
संपर्क | अस्वीकरण | गोपनीयता नीति | © सर्वाधिकार सुरक्षित 2019 | BollywoodKhazana.in